ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

चार सीसीटीवी कैमरे लगे, पुलिस ने असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी
संतोषगढ़ बस अड्डे पर अब अराजकता और मनमानी करने वालों की खैर नहीं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस अड्डे के प्रमुख स्थानों पर चार अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अब बस अड्डे का हर कोना तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा।
अड्डा इंचार्ज देवराज चंदेल ने बताया कि लंबे समय से बस अड्डे को लेकर विभाग को शिकायतें मिल रही थीं। खासकर नशा करने वाले और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी से माहौल खराब हो रहा था। कई बार ऐसे तत्वों के कारण अप्रिय घटनाएं भी सामने आईं।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्राओं और महिलाओं को उठानी पड़ रही थी। छुट्टी के समय कुछ बिगड़ैल युवक बस अड्डे में घूमते रहते थे और छात्राओं को परेशान करते थे। कई मामलों में आरोपी वारदात के बाद फरार भी हो जाते थे।
अब पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सीसीटीवी की निगरानी में पकड़े जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। बिना काम के अड्डे में घूमना, नशा करना, तेज आवाज में गाने चलाना या गाड़ियों में बैठकर हुड़दंग मचाना अब सीधा कार्रवाई को न्योता होगा।
पुलिस का कहना है कि कैमरों की मदद से हर गतिविधि रिकॉर्ड होगी और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि बस अड्डा फिर से एक सुरक्षित और अनुशासित स्थान बने, जहां महिलाएं, छात्राएं और आम यात्री खुद को निश्चिंत महसूस कर सकें।
सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद आम जनता ने राहत की सांस ली है और अब उम्मीद जताई जा रही है कि संतोषगढ़ बस अड्डा असामाजिक तत्वों से पूरी तरह मुक्त होगा।

