Tuesday, March 17, 2026
HomeLatest Newsकुटलैहड़ के रायंसरी हादसे के पीड़ित परिवार से मिले विधायक विवेक शर्मा,...

कुटलैहड़ के रायंसरी हादसे के पीड़ित परिवार से मिले विधायक विवेक शर्मा, अस्पताल पहुंचकर घायल बच्ची का जाना हाल

बंगाणा,कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने रायंसरी गांव में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस हादसे में सुनील कुमार की दो बेटियां बस के नीचे आ गई थीं, जिनमें से एक तीन वर्षीय मासूम की उपचार के लिए पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही मृत्यु हो गई। विधायक विवेक शर्मा ने रायंसरी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इसके बाद विधायक विवेक शर्मा जिला अस्पताल भी पहुंचे, जहां उपचाराधीन दूसरी बेटी का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों से बच्ची के इलाज की पूरी जानकारी ली और निर्देश दिए कि उसे हर संभव और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि घायल बच्ची के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्ची को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं और जरूरत पड़ने पर उच्च स्तरीय उपचार की व्यवस्था भी की जाए। विधायक विवेक शर्मा ने पूरे घटना क्रम की विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से हादसे के कारणों और उसके बाद उठाए गए कदमों के बारे में जान कारी प्राप्त की। विधायक विवेक शर्मा ने तीन वर्षीय मासूम की दुखद मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बच्चे को खोना सबसे बड़ा दुख होता है और इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ जिला अधिकारी भी मौजूद रहे। परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

इसके अलावा आरटीए सदस्य विवेक मिंका  ने मिलकर पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि प्रशासन और जनप्रति निधि हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़े हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और सभी लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि घायल बच्ची के बेहतर उपचार के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular