ब्यूरो रिपोर्ट

गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुनेरन स्थित समाधि वाले बाबा जी के प्राचीन शिव मंदिर के निर्माण कार्य को उस समय नई ऊर्जा और मजबूती मिली, जब पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने अपनी ओर से 1 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उनके इस सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य को गति मिलेगी। शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों द्वारा मंदिर के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का सशक्त माध्यम है। कुनेरन का यह प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके पुनर्निर्माण में हर श्रद्धालु का योगदान प्रशंसनीय है। मंदिर परिसर में शीघ्र ही राम परिवार एवं बाबा बालक नाथ जी की मूर्ति स्थापना भी की जाएगी, जिससे यहां धार्मिक गतिविधियों में और अधिक विस्तार होगा।
इस मौके पर पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह, पंडित कमल किशोर शर्मा, मंडल महामंत्री विकास डडवाल, मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र परमार, सुरजीत सिंह, संजू परमार, वीना बंसल, राकेश कुमार, रविंदर ठाकुर, संजीव कुमार, अश्वनी कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

