तलमेहडा खड़ोह रिंकू भारद्वाज

केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट को लेकर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने इसे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला और आम आदमी के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास के विजन को आगे बढ़ाने वाला है। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग और गरीब तबके के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर केंद्रित यह बजट आने वाले वर्षों में देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद विकास और कल्याण के बीच संतुलन बनाते हुए बजट पेश किया है। ग्रामीण विकास, सड़क, रेल और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया गया खर्च न केवल अर्थ व्यवस्था को गति देगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
हिमाचल को भी मिलेगा बजट का लाभ, विकास की खुलेंगी नई राहें
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि इस बजट का सीधा लाभ हिमाचल प्रदेश को भी मिलेगा। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों के लिए विशेष योजनाओं और सहायता राशि का प्रावधान किया गया है, जिससे पहाड़ी राज्यों में इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे राज्यों के लिए सड़क, सुरंग, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा संस्थानों का विकास अत्यंत आवश्यक है और केंद्र सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। यदि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को सही ढंग से लागू करे, तो प्रदेश में विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ सकती है। दविंदर कुमार भुट्टो ने आरोप लगाया कि दुर्भाग्य से हिमाचल में मौजूदा सुक्खू सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को पूरी तरह लागू करने में विफल साबित हो रही है, जिससे जनता को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा।
सुक्खू सरकार की नाकामियों पर जमकर बरसे भाजपा नेता दविंदर भुट्टो,
केंद्र सरकार के बजट की सराहना के साथ-साथ दविंदर कुमार भुट्टो ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है और पिछले कार्यकाल के दौरान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही विकास कार्यों को रोकने का काम किया। कई योजनाएं बंद कर दी गईं या उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया गया, जिससे प्रदेश का विकास ठहर गया है। सरकार के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है और न ही जनता से किए गए वादों को पूरा करने की इच्छाशक्ति। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि प्रदेश आज गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है, लेकिन इसके लिए केंद्र नहीं बल्कि राज्य सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार हैं। अनियोजित फैसले, प्रशासनिक असफलता और केवल राजनीति करने की सोच ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है।
युवाओं, कर्मचारियों और आम जनता को निराश किया, दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश के युवाओं, कर्मचारियों और आम जनता को केवल निराशा ही दी है। रोजगार के नाम पर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ भी नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में देरी, कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है। इसके विपरीत केंद्र सरकार का बजट युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर देने पर केंद्रित है।
आमदनी चवन्नी खर्चा रुपया बाली कहावत सिद्ध कर रही सुक्खू सरकार,
भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार केवल केंद्र सरकार को दोष देने में लगी रहती है, जबकि सच्चाई यह है कि राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है। यदि प्रदेश सरकार ईमानदारी से काम करे, तो केंद्र से मिलने वाली सहायता से कई समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।
देश हो या प्रदेश भाजपा ही दे सकती है मजबूत नेतृत्व और विकास,
कुटलैहड़ भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट यह साफ दर्शाता है कि भाजपा के पास देश को आगे ले जाने की स्पष्ट सोच और मजबूत नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी अब यह समझ चुकी है कि विकास और स्थिरता केवल भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है। दबिंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा प्रदेश में जनता के मुद्दों को लेकर और मजबूती से आवाज उठाएगी। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम किया जाएगा और सुक्खू सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की जनता आने वाले समय में सही निर्णय लेगी और प्रदेश को फिर से विकास की राह पर लाने के लिए भाजपा को अवसर देगी। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ सूरम सिंह नरेश कुमार अभय सिंह राणा विजय शर्मा मनोहर लाल शर्मा सहित गणमान्य मौजूद रहे।

