ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

शहीद भगत सिंह क्लब ने सीएमओ गगरेट को सौंपा ज्ञापन
दौलतपुर चौक, 2 फरवरी (संजीव डोगरा)
शहीद भगत सिंह क्लब गगरेट के सदस्यों ने सोमवार को खंड चिकित्सा अधिकारी गगरेट डॉ. पंकज पराशर को एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के गरीब एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय रहते बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई।
क्लब ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर व गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों की सूची तैयार कर उपायुक्त ऊना को भेजी जाए, ताकि सरकार के खजाने से उनकी आर्थिक सहायता कर समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सके।
क्लब के प्रधान मुनीष ठाकुर ने कहा कि आए दिन ऐसे गरीब परिवारों की खबरें सामने आती हैं, जिनमें किसी सदस्य के गंभीर बीमारी से ग्रस्त होने के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं हो पाता। उन्होंने मांग की कि आयुष्मान भारत योजना व मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत दवाइयों, जांचों और सर्जरी की त्वरित व्यवस्था की जाए।
इसके साथ ही कैंसर, हृदय रोग, किडनी प्रत्यारोपण जैसी गंभीर बीमारियों के लिए विशेष सहायता राशि उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई, ताकि इलाज के अभाव में होने वाली मौतों को रोका जा सके और कमजोर वर्गों को स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हों।
इस अवसर पर क्लब के उपप्रधान राजिंदर बंसल, आकाश कुमार, अनिकेत, कमल कुमार व शम्मी सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

