रिपोर्टर गोविन्द रावत

बागेश्वर- जनपद बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में आयोजित नेशनल पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और साहसिक खेलों का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में पीएमजीएसवाई राज्य अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता उत्तराखंड के साथ-साथ जनपद बागेश्वर को साहसिक खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे। भौगोलिक दृष्टि से कपकोट क्षेत्र पैराग्लाइडिंग के लिए अत्यंत उपयुक्त है और आने वाले समय में यहां देशभर से अधिक प्रतिभागी आएंगे। शिव सिंह बिष्ट ने इस सफल आयोजन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बागेश्वर विधायक पार्वती दास ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से जिले का नाम देशभर में रोशन होता है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि कपकोट क्षेत्र में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, खेल प्रेमी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला।

