Tuesday, March 17, 2026
HomeNation WiseUttarakhandपूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने की मुख्यमंत्री से भेंट, अल्मोड़ा के...

पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने की मुख्यमंत्री से भेंट, अल्मोड़ा के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

देहरादून/ गोविन्द रावत

देहरादून – पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को ईश्वर की प्रतिमा भेंट कर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि यह भेंट शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें अल्मोड़ा जनपद से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर मुख्यमंत्री के साथ सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री से लोधिया स्थित फूड क्राफ्ट सेंटर के शीघ्र संचालन को लेकर वार्ता की, जिससे अल्मोड़ा के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में स्वीकृत अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में हार्ट कैथ लैब के निर्माण एवं संचालन, असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रदेश सरकार लगातार विशेष प्रयास कर रही है।
भेंट के दौरान अल्मोड़ा जीआईसी ग्राउंड में आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास, पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण, पार्किंग की समस्या, विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित अन्य विकासात्मक बिंदुओं पर भी सकारात्मक चर्चा की गई।
बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वस्त किया कि अल्मोड़ा के विकास में धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी तथा सभी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण अल्मोड़ा में हाल ही में निर्मित तीन बहुमंजिला पार्किंग है।
इस अवसर पर बिट्टू कर्नाटक ने मुख्यमंत्री को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के सफलतापूर्वक लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जिसने यूसीसी को सफलतापूर्वक लागू किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular