बीबीएन
नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा तथा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में पर्यटन के विभिन्न आयामों के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। राजेश धर्माणी गत सांय बद्दी के थाना गांव स्थित वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक एवं वेलनेस कार्यक्रम ‘मेलोडी ऑफ ट्रेडिशन’ को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगमोहन बंसल इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
राजेश धर्माणी ने कहा कि हिमाचल में प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में पर्यटन विस्तार की अपार सम्भावनाएं हैं और मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं प्राकृतिक चिकित्सा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद का अभिन्न अंग है और हिमाचल का पवित्र वातावरण एवं औषधीय गुणों से भरपूर वनस्पति की प्रचुरता प्रदेश को इस दिशा में विशिष्ट बनाती है। उन्होंनेे कहा कि दक्ष एवं विश्वस्तरीय प्राकृतिक चिकित्सा अपनाकर बेहतर रोज़गार एवं स्वरोज़गार तथा बेहतर आय सृजन की दिशा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में लोगों के जीवन में तनाव और नकारात्मकता बढ़ रही है। खान-पान की अनियमितता, वायु और ध्वनि प्रदूषण तथा अन्य पर्यावरणीय कारकों का मानव शरीर और मस्तिष्क पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण भी लोग मानसिक दबाव का अनुभव कर रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवन शैली पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
तकनीकी शिक्षा मन्त्री ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा पर आधारित जीवन शैली न केवल रोगों से बचाव का सशक्त माध्यम है अपितु जीवन में सकारात्मकता एवं दबाव मुक्त दिनचर्या के लिए आवश्यक भी है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्थापित यह संस्थान आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से लोगों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सराहनीय कार्य कर रहा है।
न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगमोहन बंसल ने इस अवसर पर वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालय प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणालियों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लोगों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
चिकित्सालय के अध्यक्ष आर.पी. गर्ग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
यह कार्यक्रम आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा तथा हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ लोगों को समग्र स्वास्थ्य और वेलनेस के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रणव चड्ढा, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमण्डलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, डी एस पी योगराज चंदेल, एस एच ओ डा शिव आर के कनिहाल, स्वस्तिक गौतम, डा मोनिका बिक्रम बिंदल, पूर्व विधायक के एल ठाकुर,भाजपा नेता दर्शनसैनी, प्रेम गौतम, डी के चढ़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
