लठियानी विनोद शर्मा

कथा व्यास डॉ सुमन शर्मा जी करेंगे अमृत वर्षा,16 फरवरी को भंडारे के साथ होगा कथा विश्राम,
बंगाणा,उपमंडल बंगाणा के प्रसिद्ध शिव मंदिर मलांगड़ में लगातार 46वें महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य पर श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ बड़े ही श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर मंगलवार 10 फरवरी को झंडा रस्म और विशेष पूजा-अर्चना के साथ कथा का विधिवत आरंभ हुआ। पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। इस वर्ष श्रीमद् भागवत कथा का रसपान प्रसिद्ध कथा व्यास डॉ. सुमन शर्मा द्वारा कराया जा रहा है। कथा प्रतिदिन 10 फरवरी से 16 फरवरी तक दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखने को मिल रही है। कथा व्यास डॉ. सुमन शर्मा अपने प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव चरित्र, गोवर्धन लीला और भक्ति मार्ग के महत्व को सरल एवं भावपूर्ण शब्दों में प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे श्रोता भाव-विभोर हो रहे हैं। मंदिर के प्रमुख सेवादार श्री प्रकाश चंद मैहर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिव मंदिर मलांगड़ में महाशिवरात्रि पर्व पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन विगत 46 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। यह आयोजन गांववासियों एवं क्षेत्र की जनता के सहयोग से संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह और सहयोग बढ़ता जा रहा है, जो इस मंदिर और आयोजन की आस्था को दर्शाता है।
श्री प्रकाश चंद मैहर ने बताया कि इस वर्ष भी आयोजन की सभी तैयारियां समय पर पूरी की गई हैं। कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और आरती से वातावरण पूरी तरह शिवमय और कृष्णमय बना हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि 16 फरवरी को श्रीमद् भागवत कथा का समापन विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र भर से श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। भंडारे को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि सभी आने वाले भक्तों को सहज रूप से प्रसाद मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिव मंदिर मलांगड़ मेंआयोजित होने वाली यह कथा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता और सहयोग का भी प्रतीक बन चुकी है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धर्म और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। महाशिवरात्रि महान पर्व के दौरान आयोजित इस श्रीमद् भागवत कथा से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार हो रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं और आयोजन समिति द्वारा किए जा रहे सफल प्रबंधन की सराहना कर रहे हैं। इस मौके पर राकेश शर्मा विनोद शर्मा विजय शर्मा ने परिवार सहित पूजा अर्चना भी की।

