Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaबसाल में साइबर और डिजिटल सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

बसाल में साइबर और डिजिटल सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

रोहित जसवाल

ऊना, 10 फरवरी। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के उपलक्ष्य पर राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसाल में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), ऊना के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी भूपिंदर सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक किया। कार्यशाला में लगभग 62 विद्यार्थियों एवं 12 शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर स्वच्छता तथा डिजिटल नैतिकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
भूपेंद्र सिंह ने मजबूत पासवर्ड के महत्व, सुरक्षित ब्राउज़िंग आदतें, फिशिंग प्रयासों की पहचान, व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने साइबर बुलिंग, फेक न्यूज़, डिजिटल अरेस्ट तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे समसामयिक मुद्दों पर प्रतिभागियों को जागरूक भी किया। साइबर घटनाओं की रिपोर्टिंग प्रक्रिया एवं ऑनलाइन सुरक्षा के लिए उपलब्ध सरकारी पोर्टलों के उपयोग का भी व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी तकनीकों जैसे वॉइस असिस्टेंस, इमेज रिकग्निशन, स्ट्रीमिंग सुझाव, उत्पाद सिफारिश एवं धोखाधड़ी पहचान के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर भी प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही डीपफेक वीडियो, फर्जी वॉइस कॉल जैसे एआई आधारित साइबर खतरों के प्रति भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षित इंटरनेट का निर्माण सभी उपयोगकर्ताओं की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर साहिल शर्मा सहित स्कूली स्टाफ भी मौजूद रहा।
-0-

RELATED ARTICLES

Most Popular