बंगाणा, जोगिंद्र देव आर्य।

कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष देशराज गौतम ने मनरेगा योजना के नाम और स्वरूप में बदलाव की कोशिशों को गरीबों व मजदूरों पर सीधा हमला बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा करोड़ों ग्रामीण परिवारों की रोज़ी-रोटी से जुड़ी योजना है और इसके साथ किसी भी तरह का प्रयोग कांग्रेस कतई सहन नहीं करेगी।
देशराज गौतम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि मनरेगा का नाम बदलने या उसके मूल स्वरूप को कमजोर करने की साजिश जारी रही तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर जनता को लामबंद करेगी और सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना किसी सरकार की नहीं, बल्कि गरीब मजदूरों के खून-पसीने की कमाई से बनी गारंटी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे खत्म करने की नीति पर काम कर रही है। मजदूरी में देरी, काम के दिनों में कटौती और अब नाम व स्वरूप बदलने की बात इसी साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों पर हमला करने वालों को जनता करारा जवाब देगी।
देशराज गौतम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर गांव में जाकर मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे और मनरेगा को कमजोर करने की हर कोशिश का डटकर विरोध करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक मजदूरों को पूरा रोजगार और सम्मान नहीं मिलेगा, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा समेत ने कार्यकर्ता उपस्थितरहे

