सुजानपुर, हमीरपुर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मनिहाल में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा महिला मंडल सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान 6 महिला मंडलों को 101 खाना खाने वाली स्टील की थालियाँ, 101 पानी के स्टील के गिलास तथा 2-2 स्टील के पानी के जग भेंट कर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट द्वारा यह सम्मान कार्यक्रम लगातार आठवीं बार आयोजित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र राणा ने कहा कि इस मुहिम की नींव लगभग 25 वर्ष पहले समाज में सेवा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रखी गई थी। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ की हड्डी हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक दृष्टि से सुजानपुर ऐसा पहला विधानसभा क्षेत्र बनेगा, जहां सभी महिला मंडलों को स्टील की थालियां प्रदान की जाएंगी। इस मुहिम का उद्देश्य महिला मंडलों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम किया जा सके, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि कई बार लोग इस प्रकार की पहलों को छोटी मुहिम कह देते हैं, लेकिन हर बड़ी शुरुआत पहले छोटी ही होती है।
उन्होंने रामायण के रामसेतु प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि उस सेतु निर्माण में एक छोटी सी गिलहरी तक ने अपना योगदान दिया था और सभी के छोटे-छोटे प्रयासों से ही एक विशाल सेतु का निर्माण संभव हो पाया। इसीलिए आवश्यकता इस बात की है कि केवल बातें करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सभी को आगे आकर धरातल पर काम करना होगा, तभी समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम के दौरान ‘नर सेवा नारायण सेवा’ की भावना के तहत बुजुर्गों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम को भी आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
