दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना , अंब /अविनाश चौहान

भारतीय फेंसिंग संघ (Fencing Association of India) के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष शादी लाल गोस्वामी, महासचिव अतुल ठाकुर तथा जिला मंडी तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष दर्शन ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुखू जी को एशियन सीनियर फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए आमंत्रित किया। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 19 से 24 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल अधिकारी भाग लेंगे।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय फेंसिंग संघ के महासचिव राजीव मेहता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत को इस महत्वपूर्ण एशियाई प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता भारत की खेल संस्कृति एवं आयोजन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा अपनी उपलब्धता के संबंध में शीघ्र अवगत कराने का आश्वासन दिया।
