उत्तराखंड /गोविन्द रावत
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत सल्ट विधानसभा क्षेत्र के न्याय पंचायत मछोड़ में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मछोड़ परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय जनता की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सल्ट विधायक महेश जीना रहे। उनके साथ एसडीएम सल्ट रिकू बिष्ट, खंड विकास अधिकारी सल्ट एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में विद्युत, राजस्व, जल संस्थान, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान, पशुपालन, बाल विकास, डेयरी विकास, वन विभाग, कृषि विभाग, पंचायतीराज एवं महिला स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर शिविर में प्रतिभाग किया और अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
इस दौरान 12 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण भी किया गया। शिविर में मुख्य रूप से बिजली-पानी की समस्याएं, विकलांग पेंशन, क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण, सड़क निर्माण, आधार कार्ड संशोधन सहित अन्य जनसमस्याएं सामने आईं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया।
विधायक महेश जीना ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से जनता को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है।इस मौके पर सल्ट विधायक महेश जीना, एसडीएम सल्ट रिकू बिष्ट, खंड विकास अधिकारी सल्ट देवेन्द्र कुमार तिवारी, थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार, वन क्षेत्राघिकारी मोहान गंगा सरन, मनोज रावत, करन जीना, वन दरोगा जितेन्द्र सिंह, कैलाश सिंह रावत, राजेन्द्र सिंह बगडवाल सहित स्थानीय ग्रामीण व क्षेत्र जनप्रतिनिधिगण व स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।
