Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaराजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल विपणन पर...

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल विपणन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय, दौलतपुर चौक में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में बीबीए एवं बीसीए विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल विपणन विषय पर एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ब्राइटएक्सआर प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक आदित्य कश्यप रहे। उल्लेखनीय है कि आदित्य कश्यप इसी महाविद्यालय के बीसीए सत्र 2024 के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं तथा सजीव प्रस्तुति के माध्यम से इन आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग को सरल एवं सहज भाषा में समझाया।
कार्यक्रम के दौरान बीबीए एवं बीसीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर आदित्य कश्यप ने अपनी उद्यमिता यात्रा साझा करते हुए बताया कि वे वर्तमान में बारह सदस्यों की टीम के साथ कार्य कर रहे हैं तथा राष्ट्रीय स्तर के नवाचार एवं उद्यमिता आयोजनों में सहभागिता कर चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता किस प्रकार पारंपरिक नौकरियों को प्रभावित कर रही है तथा विद्यार्थियों को इसे एक प्रभावी साधन के रूप में अपनाकर अपने कौशल को और अधिक सशक्त बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में आदित्य कश्यप को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और विद्यार्थियों को निरंतर कौशल विकास पर बल देते हुए भविष्य में उपलब्ध नए अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करने का संदेश दिया। वरिष्ठ अधीक्षक राजीव कुमार शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक विचारों से मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में बीबीए एवं बीसीए विभाग के सभी अध्यापक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर आदित्य कश्यप द्वारा विद्यार्थियों को उपहार भी प्रदान किए गए, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और अधिक बढ़ गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular