Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaराजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बनेहड़ा में नशा मुक्ति व सुरक्षा जागरूकता...

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बनेहड़ा में नशा मुक्ति व सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बंगाणा, जोगिंद्र देव आर्य

गोंदपुर बनेहड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में विद्यार्थियों को समाज की गंभीर चुनौतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष नशा मुक्ति एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा राजीव ठाकुर द्वारा मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी श्रीमती रेणु शर्मा के अभिनंदन व स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स धर्मशाला की ओर से एडिशनल एसपी रेणु शर्मा ने विद्यार्थियों को नशा रोकथाम, ड्रग अब्यूज, ट्रैफिक नियमों, साइबर अपराध तथा करियर काउंसलिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि नशा, शराब और चिट्टा आज युवा वर्ग को दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं। कुछ पल की झूठी खुशी जीवन को बर्बाद कर देती है, जिससे परिवार टूट रहे हैं और समाज पर गहरा दुष्प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। यदि कहीं नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गुप्त रखा जाएगा, जिससे युवा एक सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। ट्रैफिक नियमों पर बोलते हुए उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग पर जोर दिया। सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। साइबर अपराध के विषय में उन्होंने बताया कि मोबाइल और ऑनलाइन गेम्स के अत्यधिक उपयोग से बच्चे मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं और साइबर ठगी का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने तकनीक के संतुलित एवं सुरक्षित उपयोग की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में श्री अविंदर सिंह द्वारा एडिशनल एसपी रेणु शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अविंदर सिंह ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को ड्रग अब्यूज और यातायात नियमों के प्रति मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकगण—अविंदर सिंह ठाकुर, गुरमेल सिंह, बलजीत सिंह, सरिता, मनोज, कालिया, मनीषा, सौंलाल, दीपक शास्त्री, कंचन मीना, बीना, रेणु, मिनाक्षी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

केप्शन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बनेड़ा में आयोजित नशा मुक्ति एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी श्रीमती रेणु शर्मा को सम्मानित करता हुआ विद्यालय स्टाफ।

RELATED ARTICLES

Most Popular