हैडपंप में लगाई मोटर 15 से 20 घरों को मिला लाभ, लोगों ने विधायक विवेक शर्मा का जताया आभार
दैनिक जागो वर्ल्ड !बंगाणा,कुटलैहड़,जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढयूंगली के गांव पाडियोला में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर है। विधायक विवेक शर्मा के विशेष प्रयासों से वार्ड नंबर-2 में ओंकार सिंह के घर के समीप नई पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई गई, जिससे लगभग 15 से 20 घरों को सीधा लाभ मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले काफी समय से उन्हें पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी तथा लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता था।

इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने विधायक विवेक शर्मा के समक्ष अपनी मांग रखी थी, जिस पर विधायक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। विभाग द्वारा तेजी से कार्य करते हुए पेयजल सुविधा को शुरू किया गया, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से पानी मिलना शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस कार्य से उनकी वर्षों पुरानी समस्या सदा के लिए समाप्त हो गई है और अब उन्हें पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

स्थानीय लोगों ने विधायक विवेक शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाते हैं। लोगों ने कहा कि विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र के हर गांव तक बेहतर पेयजल सुविधा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है और भविष्य में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

