शिमला-टीना ठाकुर

अखिल भारतीय कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा संविधान में दिए गए दलितों, पिछड़ों और अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ सभी को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश के 9 जिलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति हो चुकी है और शेष जिलों में भी जल्द घोषणा की जाएगी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा सौंपे गए जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं और देशभर में अनुसूचित जाति विभाग को मजबूत करने का अभियान जारी है। उन्होंने भाजपा पर “वोट चोरी” का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से मैदान में उतरने का आह्वान किया। साथ ही 12 अप्रैल को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘रन फॉर अंबेडकर’ दौड़ की घोषणा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का नेतृत्व राजेंद्र पाल गौतम करेंगे और राहुल गांधी इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं से इसमें भाग लेने की अपील की।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन में पद उन्हीं लोगों को दिए जाएंगे जो जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की सोच के अनुरूप प्रदेश कांग्रेस में अनुसूचित जाति वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से दलितों और पिछड़ों के अधिकारों के लिए खड़ी रही है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा करती रहेगी।
विनय कुमार ने बताया कि प्रदेश में अनुसूचित जाति की आबादी 28 प्रतिशत से अधिक है और 17 विधानसभा सीटें आरक्षित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग कांग्रेस की मजबूत रीढ़ है। बैठक में विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष जीवन कुमार ने भी संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता जताई और कहा कि दिए गए हर निर्देश को पूरी ईमानदारी से लागू किया जाएगा



