शिमला-टीना ठाकुर

एक महिला बजीर बावड़ी पुल से सतलुज नदी में छलांग लगाने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टीम सहित तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम के पहुंचने के साथ ही उक्त महिला ने नदी में छलांग लगा दी।
मौके पर उपस्थित पुलिस कर्मियों द्वारा बिना समय गंवाए बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।पुलिस टीम के एक पुलिस कर्मी श्री सतपाल, आरक्षी, ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए स्वयं सतलुज नदी में छलांग लगाई और महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि अन्य कर्मियों द्वारा भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।
उक्त महिला की पहचान श्रीमती अशोक कुमारी (उम्र 44 वर्ष), निवासी निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। महिला को तत्काल खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है तथा उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह घटना पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त उदाहरण है।

