बेतालघाट /ब्यूरोरिपोर्ट

स्टेट हाईवे 71 पर हाटमिक्स रोड की मांग, संजय बोहरा के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
कैचीधाम मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव, हाटमिक्स सड़क निर्माण की उठी मांग
रामनगर–बेतालघाट मार्ग को हाटमिक्स करने की मांग तेज, मुख्यमंत्री को ज्ञापन
बेतालघाट— रामनगर से भंडारपानी अमगढ़ी तल्ली सेठी रतोड़ा विल्लेख स्टेट हाईवे 71 के हाटमिक्स रोड निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी कैचीधाम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा।ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा शहीद बलवंत सिंह मेहरा मोटर मार्ग की पुरानी घोषणा के तहत केवल मार्ग सुधारीकरण की निविदा आमंत्रित की गई है, जबकि इस मार्ग पर हाटमिक्स रोड का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
क्षेत्र में उपखनिज का कारोबार लगातार होने से भारी वाहनों का दबाव बना रहता है। साथ ही कैचीधाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है, जिससे सड़क की स्थिति और खराब हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा निविदा में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कौन-कौन से कार्य कराए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों एवं ब्लॉक प्रमुख के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि हाटमिक्स रोड के अलावा कोई भी कार्य स्वीकार्य नहीं होगा। इधर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह ने बताया कि पूर्व में आमंत्रित निविदा में कोई भी ठेकेदार शर्तों को पूरा नहीं कर पाया। अब पुनः निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है और निविदा स्वीकृत होने के बाद इस मार्ग पर हाटमिक्स कार्य ही कराया जाएगा।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा, तरुण कुमार शर्मा, नरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह महरा, पीयूष सिंह, हरेंद्र सिंह, मंजू देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

