दैनिक जागो वर्ल्ड !हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दिल्ली में हैं। नए मंत्रियों की नियुक्ति, विभागों में बदलाव और क्षेत्रीय-जातीय संतुलन पर शीर्ष नेतृत्व विचार कर रहा है। हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिल्ली पहुंचने के बाद मंगलवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के भी दिल्ली के लिए रवाना होने से मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों के मुताबिक कृषि मंत्री चंद्र कुमार को भी दिल्ली बुलाया गया है, जबकि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पहले से ही दिल्ली में हैं। हालांकि रोहित ठाकुर शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने गए हुए हैं।

ऐसे में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली मुलाकातों को प्रदेश की सियासत में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुक्खू बीते सोमवार को दिल्ली रवाना हुए थे और मंगलवार को उनकी केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात प्रस्तावित है। इसी बीच उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार सुबह शिमला से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। वहां से वह हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचेंगे।राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि अभी इन मुलाकातों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं के बीच अब केवल नए मंत्री बनाए जाने की ही चर्चा नहीं है, बल्कि मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल और किसी मंत्री को मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने की अटकलें भी तेज हैं। कांग्रेस हाईकमान 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सरकार और संगठन में बदलाव की रणनीति पर विचार कर रहा है। ऐसे में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के साथ मंत्रियों के प्रदर्शन को भी फैसले का आधार बनाया जा सकता है।
