हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण बुधवार से शुरू होने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे चरण की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के साथ होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को राज्य का बजट पेश करेंगे, जिस पर चर्चा के बाद 30 मार्च को मतदान कराया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि विधानसभा सचिवालय को दूसरे चरण के लिए कुल 834 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 665 तारांकित और 169 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा नियम-62 के तहत 8, नियम-101 के तहत 3 और नियम-130 के तहत 5 नोटिस भी प्राप्त हुए हैं। कुलदीप सिंह पठानिया ने यह भी बताया कि सदन में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होगी, जिसमें ईरान-इज़राइल युद्ध के चलते पैदा हुई स्थिति शामिल है।
हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वे याचिका समिति के कार्य से संतुष्ट हैं. इसके अलावा शाम के वक़्त विशेषाधिकार समिति की बैठक बुलायी गई है.इस बैठक में मुख्यसचिव को भीआनेके लिए कहा गया है. मुख्य सचिव से जवाब लिया जाएगा कि आख़िर विशेषाधिकार हनन के मामलों में जवाब देने में देरी क्यों हो रही है. जानकारी के मुताबिक, विशेषाधिकार समिति के पास करीब सात मामले लंबित हैं. भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की शिकायत का मामला भी विधानसभा सचिवालय के पास लंबित है.
