शिमला –टीना ठाकुर

शुक्रवार रात उत्तर भारत के कई राज्यों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर आए ये झटके लगभग 3 से 4 सेकंड तक महसूस किए गए, जिससे लोगों में अचानक डर का माहौल बन गया। कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
भूकंप के झटके शिमला के अलावा कांगड़ा, मंडी, सोलन, हमीरपुर और बिलासपुर सहित कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। हिमाचल प्रदेश भूकंप की दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र में आता है और इसे Seismic Zone V में रखा गया है, जहां इस तरह के झटके आना सामान्य बात मानी जाती है।
दरअसल, भूकंप का मुख्य कारण पृथ्वी की सतह के नीचे मौजूद टेक्टोनिक प्लेट्स की हलचल है। पृथ्वी कई बड़ी और छोटी प्लेट्स से बनी है, जो लगातार गतिशील रहती हैं। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं या खिसकती हैं, तो इनमें दबाव बनता है और अचानक ऊर्जा के बाहर निकलने से भूकंप आता है। हिमाचल प्रदेश का क्षेत्र Indian Plate और Eurasian Plate के बीच स्थित है, जिसकी वजह से यहां बार-बार भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं।



