प्रिया शर्मा कुल्लू

तहसील सैंज के अंतर्गत पंचायत द्वारा बर्ष 1995 में बनायी गयी सैंज -दुशाहड़ जीप योग्य सड़क भारी बरसात के कारण पिछले 08 महीनों से यातायात के लिए बंद पड़ी है। जो दंधिगाड़ से खोडुनाल तक जगह-जगह भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुई है। यह सड़क खोडुनाल, नराडा़, पटियारा, दुशाहड़, भुशल, कौशा, देवगढ़ आदि गांवों को जोड़ती है। गांववासियों को सामान लाने और ले जाने में बहुत दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उधर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को रास्ता खराब होने के कारण बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है। दुध बेचने वाले ग्रामीणों का भी भारी नुकसान हो रहा है। सड़क को ग्रामीणों ने खुद भी बहाल करने की कोशिश की लेकिन अनेक स्थानों पर भारी भूस्खलन होने के कारण सड़क बहाल नहीं हो पाई। उधर वाहन चालकों को भी अपने निजी वाहन आधे रास्ते में खड़े करने पड़ रहे है। इस पर ग्रमीण रेशव ठाकुर, ओम प्रकाश, बबलू, मिंटू, हैप्पी, ओम दत्त, दूनी चन्द, झावेराम, यशवंत, गोपाल, अमन आदि का कहना है कि सरकार और प्रशासन द्वारा इस मार्ग की अनदेखी की जा रही है। इसलिए उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उक्त मार्ग को जल्द बहाल करें अन्यथा ग्रामीणों को कड़ा रुख अख्तियार करने की नौबत आ सकती है।

