पांवटा साहिब-जी. डी. शर्मा

पांवटा साहिब में किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जल शक्ति विभाग द्वारा करीब 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नहर में पानी छोड़ा गया, जिससे क्षेत्र के किसानों को काफी फायदा हुआ है।
इस पहल से खुश होकर किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल जल शक्ति विभाग कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने विभिन्न पंचायतों में पानी की समस्याओं को लेकर अपनी मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
बताया गया कि रामपुर घाट क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से नहर बंद पड़ी थी, जिसके कारण लगभग 1000 बीघा भूमि पर फसलें प्रभावित हो रही थीं। किसान बोरवेल के माध्यम से सिंचाई करने को मजबूर थे, लेकिन उत्पादन अपेक्षाकृत कम होता था। इस बार नहर में पानी आने से फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार देखने को मिला है।
किसानों ने इस दौरान धौला कुआं क्षेत्र में पानी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा बंगरण में आपदा के दौरान ठप पड़ी करोड़ों की जल शक्ति विभाग की योजना को दोबारा शुरू करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि कई पंचायतों में बोरवेल्स पर अवैध कब्जे की समस्या है, जिसका जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
इस मौके पर जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र ने आश्वासन दिया कि गर्मियों के मौसम को देखते हुए पानी की उपलब्धता के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे और किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।


