
ऊना
शिक्षा विभाग में 34 वर्षों की समर्पित एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने के उपरांत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहडाला के प्राचार्य हरीश जोशी मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उनके सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लेकर उनके योगदान को याद किया और उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।
हरीश जोशी ने वर्ष 1992 में जिला शिमला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू से रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) के प्रवक्ता के रूप में अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की। 24 वर्षों तक उन्होंने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना, संतोषगढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बॉयज) ऊना, धुसाड़ा तथा बसाल सहित विभिन्न विद्यालयों में प्रवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद लगभग 10 वर्षों तक प्राचार्य के रूप में उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जखेड़ा (ऊना), राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ (सिरमौर) तथा पिछले सात वर्षों से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहडाला में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
उनके नेतृत्व में बहडाला विद्यालय ने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। विद्यालय ने जिले के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान बनाई और प्रदेश स्तर पर भी अपनी अलग छाप छोड़ी।

विदाई समारोह में विद्यालय परिवार ने उन्हें शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कहा कि हरीश जोशी एक अनुशासित, कर्मठ और दूरदर्शी प्रशासक होने के साथ-साथ विद्यार्थियों के प्रिय शिक्षक भी रहे। उन्होंने अपने कार्यकाल में विद्यालय में सकारात्मक एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण तैयार किया।
अपने संबोधन में हरीश जोशी ने कहा कि शिक्षा विभाग में बिताए 34 वर्ष उनके जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक का सबसे बड़ा पुरस्कार उसके विद्यार्थियों की सफलता और उनके जीवन में आया सकारात्मक परिवर्तन होता है।
दोपहर बाद उनके परिवार की ओर से सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में परिजन, मित्र, सहयोगी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती, नगर परिषद ऊना के पूर्व अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी, ममता कश्यप, पूर्व पार्षद नवदीप कश्यप, इंजीनियर बी.डी. जोशी, देवेश जोशी, रजनी जोशी, संजीव शर्मा, सविता शर्मा, हिमोत्कर्ष परिषद के अध्यक्ष जतिंदर कंवर, महासचिव नरेश सैनी, कमल शर्मा, प्रो. आई.के. चावला, पुनीत प्रेम, संजीव सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने हरीश जोशी की सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सक्रिय एवं सुखद भविष्य की कामना की।

