Sunday, July 12, 2026
Homenatureबंगाणा की थानाकला भाखड़ा सड़क फिर संकट में, कोलका में सड़क खराब...

बंगाणा की थानाकला भाखड़ा सड़क फिर संकट में, कोलका में सड़क खराब होने पर हो सकती है बंद, तीन हजार के करीब परिवारों का बंगाणा से संपर्क टूटने का खतरा,

बंगाणा

उपमंडल बंगाणा की थानाकला भाखड़ा सड़क के मध्य कोलका में पिछले वर्ष हुए भूस्खलन स्थल पर अब तक स्थायी समाधान न होने से एक बार फिर क्षेत्र के हजारों लोगों की चिंता बढ़ गई है। बरसात शुरू होते ही सड़क के दोबारा बंद होने की आशंका गहरा गई है। यदि यह मार्ग बंद होता है तो भाखड़ा क्षेत्र की करीब 3000 परिवारों की आबादी का बंगाणा से सीधा सड़क संपर्क टूट जाएगा। ऐसे में लोगों को रायपुर से मोटरबोट अथवा किश्ती के माध्यम से गोविंद सागर झील में लगभग सात किलो मीटर का सफर तय कर बंगाणा पहुंचना पड़ेगा,ताकि वे खंड विकास कार्यालय, तहसील, राजस्व, बैंक, अस्पताल तथा अन्य सरकारी कार्यालयों में अपने जरूरी कार्य निपटा सकें। इसी मुद्दे को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ऊना के सोशल मीडिया संयोजक राहुल शर्मा ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान कोलका के पास हुए भूस्खलन से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा था। उस समय स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग को बार-बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो सड़क का स्थायी उपचार किया गया और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए।
आखिर लोनिवि मंडल बंगाणा क्यों जनता से कर रहा खिलवाड़,
राहुल शर्मा ने कहा कि बरसात का मौसम दोबारा शुरू हो चुका है, लेकिन भूस्खलन प्रभावित स्थल की स्थिति आज भी चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण लोगों की जान जोखिम में है। उनका कहना था कि ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो। यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा कार्य नहीं किए गए तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग न केवल स्थानीय ग्रामीणों के लिए बल्कि विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों और व्यापारियों के लिए भी जीवन रेखा है। सड़क बंद होने की स्थिति में लोगों को लंबा एवं कठिन वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होगी।

आखिर कब कुंभकर्णी नींद से उठेगा लोकनिवि मंडल बंगाणा,
राहुल शर्मा ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने भी हाल ही में इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की थी। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोक निर्माण विभाग बंगाणा पिछले एक वर्ष तक क्या करता रहा और अब तक स्थायी सुरक्षा कार्य क्यों शुरू नहीं किए गए।उन्होंने कहा कि यदि यह सड़क बंद हो जाती है तो भाखड़ा क्षेत्र के हजारों लोगों को सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने के लिए पहले रायपुर पहुंचना होगा, वहां से मोटरबोट या किश्ती के माध्यम से गोविंद सागर झील में लगभग सात किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा और उसके बाद बंगाणा पहुंचना होगा। इससे आम लोगों, मरीजों, विद्यार्थियों तथा आपातकालीन सेवाओं पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।
राहुल शर्मा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि लोक निर्माण विभाग, प्रशासन और संबंधित तकनीकी अधिकारियों की संयुक्त टीम तत्काल मौके का निरीक्षण करे तथा भूस्खलन प्रभावित स्थल पर सुरक्षा दीवार, ढलान संरक्षण, जल निकासी और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी से पहले स्थायी समाधान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई और किसी प्रकार की दुर्घटना होती है अथवा सड़क पूरी तरह बंद हो जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और संबंधित प्रशासन की होगी। उन्होंने सरकार से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
जनता में रोष,लोकनिवि मंडल बंगाणा के प्रागण में करेंगे प्रदर्शन,
उक्त क्षेत्र के लोगों का भी कहना है कि थानाकलां भाखड़ा सड़क उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है और इसकी अनदेखी से हजारों ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से बरसात के बीच किसी बड़े संकट का इंतजार करने के बजाय तत्काल स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है। अगर लोकनिवि मंडल बंगाणा की कुंभकर्णी नींद नहीं खुलेगी। तो फिर भाजपा क्षेत्र की जनता को लेकर लोकनिवि बंगाणा कार्यालय में प्रदर्शन भी करेंगे। ताकि जनता की समस्या का समाधान हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular