दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना , ब्यूरो रिपोर्ट

वर्ष 2024 में भारी बारिश के कारण बह गए पुराने पुल के बाद आनन-फानन में बनाया गया रामपुर वैली ब्रिज अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल महीने में कई बार बंद हो जाता है। बार-बार डिवाइडर और अवरोधक लगाने के बावजूद व्यवस्था सुचारू नहीं हो पा रही है।
पुल पर लगाए गए डिवाइडर कभी लोग हटा देते हैं तो कभी वाहनों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। वहीं, पुल के पीछे बना पुराना पुल पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके बाद से रामपुर वैली ब्रिज लगातार किसी न किसी समस्या को लेकर चर्चा में रहा है।
ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी इस पुल की समस्या को कई बार विधानसभा सत्र में उठा चुके हैं। वर्तमान में छोटे वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए पुल से आवाजाही की व्यवस्था है, जबकि फोर व्हीलर वाहनों को दूसरे रास्ते से डायवर्ट किया गया है।
फोर व्हीलर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बनाया गया कच्चा डायवर्जन मार्ग भी लगातार हो रही बारिश के कारण खराब हो गया है। जगह-जगह मिट्टी डालकर वाहनों को रोकने की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन बारिश के कारण यह व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
रामपुर वैली ब्रिज ऊना शहर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। ऊना शहर यहां से महज डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में पुल के बार-बार बंद होने और वैकल्पिक मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। लोगों का सवाल है कि जब यह मार्ग ऊना शहर के लिए इतना महत्वपूर्ण है तो उन्हें बार-बार अस्थायी व्यवस्था पर निर्भर क्यों रहना पड़ रहा है।
प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन लोगों को अब स्थायी समाधान का इंतजार है। लगातार बढ़ती समस्याओं के बीच स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से रामपुर वैली ब्रिज और इसके वैकल्पिक मार्ग की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
