ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

स्पर्श शर्मा, नंदपुर (ऊना)।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार को UGC बिल के विरोध में सवर्ण समाज ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सवर्ण समाज के लोग सड़कों पर उतरे और रोष मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने भी सवर्ण समाज का समर्थन करते हुए भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़–धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा रोष मार्च निकालते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय तक मार्च किया। रोष मार्च के दौरान केंद्र सरकार के साथ-साथ स्थानीय सांसद के खिलाफ भी मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों ने UGC बिल को हिंदू समाज को विभाजित करने वाला करार देते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस बिल को लाने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया।
बाद में सवर्ण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा, ताकि यह मांग केंद्र सरकार तक पहुंचाई जा सके। सवर्ण समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, क्षेत्रीय संतों सहित सत्यदेवानंद सरस्वती, पवन ठाकुर, सुरेश चंद सोनी, सतवीर सिंह, सुरिंदर कुमार, कुमार दीपक, राहुल ठाकुर, अमित शर्मा, विजय कुमार, कुलदीप ठाकुर, सूरज शर्मा, राजीव सूद समेत बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों से जुड़े सवर्ण समाज के लोग उपस्थित रहे।

