अल्मोडा-गोविन्द रावत

नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और पार्किंग की समस्या को लेकर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने पहल करते हुए जिलाधिकारी को विस्तृत सुझाव सौंपे हैं। उन्होंने एक औपचारिक पत्र के माध्यम से शहर में ट्रैफिक प्रबंधन को सुदृढ़ करने और आम जनता को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं।
विधायक ने अपने पत्र में कहा कि अल्मोड़ा नगर में बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके समाधान के लिए इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा संचालन को बढ़ावा देने और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की आवश्यकता है। उन्होंने होटल शिखर तिराहे से पाण्डेखोला तक, खत्याड़ी से पाण्डेखोला तक तथा रघुनाथ सिटी मॉल से सिकुड़ा बैंड तक ई-रिक्शा सेवा संचालित करने का प्रस्ताव दिया है, जिससे बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम हो सके और लोगों को सस्ता व सुलभ परिवहन मिल सके।
इसके अलावा विधायक ने नगर के विभिन्न स्थानों पर बने पार्किंग स्थलों को नियमित और व्यवस्थित रूप से संचालित करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि इन सुझावों के लागू होने से जाम की समस्या में कमी आएगी और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं विधायक मनोज तिवारी ने अल्मोड़ा में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को रोस्टर प्रणाली के तहत नियमित किया जाए, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और किसी भी प्रकार की भेदभाव या कालाबाजारी की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों को भी गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार गैस की कमी के कारण व्यापार प्रभावित होता है।
विधायक ने प्रशासन से गैस एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे आम जनता और व्यापारियों को राहत मिल सके।

