दैनिक जागो वर्ल्ड कांगड़ा

कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज हो गई है। पंचायत सहौड़ा में प्रभावित भू-मालिकों, दुकानदारों और विस्थापित परिवारों को अवार्ड नोटिस वितरित किए जा रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश में गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया ने एक और महत्वपूर्ण चरण पार कर लिया है। पंचायत सहौड़ा में प्रभावित भू-मालिकों, दुकानदारों और विस्थापित परिवारों को पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) अवार्ड नोटिस वितरित करने की प्रक्रिया वीरवार से शुरू कर दी गई। जिला प्रशासन की ओर से पंचायत भवन में विशेष शिविर लगाकर प्रभावितों को नोटिस सौंपे जा रहे हैं।प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर रंजीत ठाकुर ने बताया कि भूमि अर्जन अधिकारी एवं एसडीएम कांगड़ा डा. अंजली गर्ग के निर्देशानुसार महाल सहौड़ा के 191 निजी भूमि मालिकों, तीन दुकानदारों तथा चार विस्थापित परिवारों को करीब 18.50 करोड़ रुपये के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) अवार्ड नोटिस प्रदान किए हैं।उन्होंने बताया कि शिविर के पहले दिन ही करीब 100 भूमि मालिक, सभी तीन दुकानदार तथा चारों विस्थापित परिवार अपने-अपने अवार्ड नोटिस प्राप्त कर चुके हैं। शेष पात्र लाभार्थियों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस दिए जा रहे हैं।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रशासन के अनुसार अवार्ड वितरण की प्रक्रिया पूरी होते ही पात्र प्रभावितों के बैंक खातों में पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन राहत राशि सीधे हस्तांतरित कर दी जाएगी। इससे एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को और गति मिलने की उम्मीद है।गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को प्रदेश की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में शामिल किया गया है। इसके पूरा होने से कांगड़ा सहित पूरे हिमाचल में हवाई संपर्क मजबूत होने के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
