Wednesday, June 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaकुटलैहड़ की 15 करोड़ की पेयजल योजना से बदलेगी लाठियानी जिला वार्ड...

कुटलैहड़ की 15 करोड़ की पेयजल योजना से बदलेगी लाठियानी जिला वार्ड की तस्वीर

मिलेगी पानी की सुचारू सप्लाई,विवेक शर्मा,विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ की तुरकाल पेयजल योजना के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, दिए जल्द कार्य पूरा करने के आदेश

दैनिक जागो वर्ल्ड !बंगाणा,कुटलैहड़,जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की बुधान ग्राम पंचायत के तुरकाल में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से बन रही महत्वाकांक्षी पेयजल योजना का कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लिया,अधिकारियों से पेयजल योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त भी की।विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि यह पेयजल योजना लाठियानी जिला पार्षद वार्ड की सभी पंचायतों के लिए वरदान साबित होगी और क्षेत्र में पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। निरीक्षण के दौरान जल शक्ति विभाग मंडल थानाकला के अधिशाषी अभियंता हरभजन सिंह ने विधायक विवेक शर्मा को योजना की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है तथा पौने दो माह के भीतर योजना का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। विधायक विवेक शर्मा ने निर्माण कार्य की गति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की, उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र के लाठियांनी वार्ड के लोगों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए यह योजना मील का पत्थर साबित होगी।

अगले एक माह में पूरा होगा शत-प्रतिशत कार्य,जनता को होगी समर्पित,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधार भूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू के सहयोग और जल शक्ति विभाग की तत्परता से इस योजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगले एक माह के भीतर इस योजना का शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि गर्मियों के मौसम में क्षेत्र के लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ता था, लेकिन योजना के पूर्ण होने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है।

इसी सोच के साथ कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कई पेयजल योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए तथा कहा कि लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

जल शक्ति विभाग मंडल थानाकला ने दी योजना की विस्तृत जानकारी,
जल शक्ति विभाग मंडल थानाकला के अधिशाषी अभियंता हरभजन सिंह ने विधायक विवेक शर्मा को योजना के विभिन्न चरणों की जान कारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने, टैंक निर्माण तथा अन्य तकनीकी कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम लगातार मौके पर रहकर कार्य की निगरानी कर रही है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर योजना को पूरा किया जा सके। अधिशाषी अभियंता ने विधायक को आश्वासन दिया कि विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और जल्द ही योजना जनता को समर्पित कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने के बाद लाठियानी जिला पार्षद वार्ड की पंचायतों में पानी की आपूर्ति पहले से कहीं अधिक बेहतर होगी। इससे लोगों को बार-बार पानी की कमी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विधायक को नक्शों और तकनीकी विवरण के माध्यम से परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया। विधायक ने भी अधिकारियों को कार्य में तेजी बनाए रखने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सुक्खू का जताया, आभार लोगों को मिलेगी बड़ी राहत,
विधायक विवेक शर्मा ने इस महत्वा कांक्षी योजना के लिए मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं क्षेत्र में चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि पेयजल योजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी। महिलाओं और ग्रामीणों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी तथा हर घर तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पहुंच सकेगा। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले समय में क्षेत्र में और भी कई बड़ी योजनाएं शुरू की जाएंगी।निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी विधायक विवेक शर्मा और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में पेयजल समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब इस योजना से लोगों को स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद जगी है। इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular