दैनिक जागो वर्ल्ड !दौलतपुर चौक, (संजीव डोगरा)

चिंतपूर्णी क्षेत्र की ग्राम पंचायत घंघरेट के पूर्व प्रधान वरिन्द्र कुमार ने शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि चिंतपूर्णी कॉलेज में प्रवेश लेने वाली आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पांच जरूरतमंद छात्राओं की किताबों, रजिस्टरों तथा अंतिम वर्ष तक की समस्त फीस का खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।

वरिन्द्र कुमार ने कॉलेज प्रशासन से आग्रह किया है कि पात्र एवं जरूरतमंद छात्राओं की जानकारी उन्हें उपलब्ध करवाई जाए, ताकि चयनित छात्राओं को समय पर सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि वरिन्द्र कुमार स्वयं भी चिंतपूर्णी कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों का प्रवेश निकटवर्ती शिक्षण संस्थानों में करवाएं, जिससे विद्यार्थियों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय शिक्षण संस्थानों को भी मजबूती मिलेगी।

उनकी इस सामाजिक एवं प्रेरणादायक पहल की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे प्रयास अन्य समाजसेवियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगे और जरूरतमंद विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने में सहायता मिलेगी।
