दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

हिमाचल प्रदेश गौसेवा आयोग के चेयरमैन अरुण पटियाल ने शुक्रवार को आयोग के सदस्य सूबेदार संजीव पटियाल के साथ सारांश गर्ग फाउंडेशन द्वारा संचालित गौशाला कैंट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गोवंश के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया और फाउंडेशन की ओर से बेसहारा गोवंश के संरक्षण एवं देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन अरुण पटियाल ने गौशाला में आश्रय प्राप्त बेसहारा एवं असहाय गोवंश के लिए चारे-पानी, स्वच्छता, आवासीय सुविधाओं तथा चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद फाउंडेशन जिस समर्पण भाव से गोवंश की सेवा और संरक्षण में जुटा है, वह सराहनीय है।
इस अवसर पर गौशाला प्रबंधन समिति ने चेयरमैन के समक्ष गौशाला के संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं को रखा। इनमें आर्थिक संसाधनों की कमी, चारे एवं पानी की नियमित व्यवस्था, भूमि संबंधी दिक्कतें, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के उपचार तथा गौशाला के भविष्य में विस्तार से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। समिति ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आयोग से आवश्यक सहयोग की मांग की।
चेयरमैन अरुण पटियाल ने प्रबंधन समिति की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि गौशाला की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहयोग के लिए आयोग की ओर से सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
फाउंडेशन प्रबंधन ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बेसहारा, असहाय एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश को सुरक्षित आश्रय, बेहतर चिकित्सा सुविधा, पौष्टिक आहार और उचित देखभाल उपलब्ध करवाना है। जनसहयोग और गौभक्तों के सहयोग से संस्था इस पुनीत कार्य को निरंतर आगे बढ़ा रही है। इस दौरान फाउंडेशन की ओर से प्रदेश सरकार, गौसेवा आयोग, पशुपालन विभाग, स्थानीय प्रशासन एवं आम जनता से भी गौवंश संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की गई।
इस मौके पर सारांश गर्ग फाउंडेशन गौशाला के सचिव डॉ. सुरेश कुमार गर्ग, फाउंडेशन सचिव नितिश गर्ग, पशुपालन विभाग के फार्मासिस्ट अजय कुमार शर्मा, विभाग के अन्य पशु चिकित्सक तथा गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन प्रबंधन ने गौसेवा आयोग के चेयरमैन अरुण पटियाल एवं सदस्य सूबेदार संजीव पटियाल का गौशाला पहुंचने और समस्याओं को गंभीरता से सुनने के लिए आभार व्यक्त किया।

