दैनिक जागो वर्ल्ड जम्मू-कश्मीर

जम्मू के भगवती नगर में वेस्ट-टू-वंडर पार्क का उद्घाटन हुआ, जिसे ‘तवी वंडर लैंड’ नाम दिया गया है।

जम्मूवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए वीरवार का दिन बेहद खास होने जा रहा है। कई दिनों से प्रतीक्षित भगवती नगर स्थित वेस्ट-टू-वंडर पार्क का शाम छह बजे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला औपचारिक उद्घाटन करेंगे। तवी नदी के किनारे और अमरनाथ यात्रा बेस कैंप के ठीक समीप बना यह अनोखा पार्क न केवल पर्यटन का मुख्य केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा।बरसात के बीच पार्क में स्थापित कबाड़ व ऑटोमोबाइल स्क्रैप से बनी 14 अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और स्थानीय ऐतिहासिक स्मारकों की रेप्लिका अपने अद्भुत शिल्प से हर किसी को आकर्षित कर रही हैं। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इसे तवी वंडर लैंड नाम दिया है। पार्क जहां पर्यटकों को लुभाएगा तो वहीं जम्मू की अर्थव्यवस्था को भी बूस्ट करेगा।

उद्घाटन के बाद इसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा और पर्यटक जम्मू में पेरिस के एफिल टावर, अमेरिका के व्हाइट हाउस के साथ पांच अन्य अंतरराष्ट्रीय व पांच राष्ट्रीय और दो स्थानीय कलाकृतियां के साथ फोटो खिंचवाने के साथ अपनी यात्रा को यादगार बना पाएंगे। इस पार्क का लोग काफी इंतजार कर रहे थे।
हवा महल, जयपुर: जयपुर के सबसे प्रतिष्ठित आकर्षणों में से एक माना जाता है। निर्माण महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने 1799 में करवाया था।
- स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, गुजरात: दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है। यह लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित है।
- जंतर-मंतर, दिल्ली: एक खगोलीय वेधशाला है। इसका निर्माण महाराजा जयसिंह द्वितीय ने 1724 में करवाया था।
- गेट वे आफ इंडिया, मुंबई: कोलाबा में अरब सागर के तट पर स्थित एक ऐतिहासिक और प्रसिद्ध स्मारक है। इसे 1924 में किंग जॉर्ज पंचम और क्वीन मैरी के 1911 के भारत दौरे की याद में बनाया गया था।
- ताज महल, आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में स्थित एक विश्व धरोहर और विश्व के सात अजूबों में से एक है।
- अखनूर फोर्ट: चिनाब नदी के किनारे पर स्थित एक किला है। इसका निर्माण 1802 में राजा आलम सिंह ने करवाया था।
- चिनाब वैली पुल: रियासी जिले में चिनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल है जो एफिल टावर से 35 मीटर ऊंचा (359 मीटर) है।
- तोड़ाई-जी: जापान का प्रमुख ऐतिहासिक बौद्ध मंदिर।
- स्फिंक्स, मिस्र: मिस्र के गीजा पठार पर स्थित एक प्राचीन विशाल मूर्ति है, जिसमें शेर का शरीर और मनुष्य का सिर है।
- कोलोसियम, रोम: इटली देश के रोम नगर के मध्य निर्मित रोमन साम्राज्य का सबसे विशाल एलिप्टिकल एंफीथियेटर है।अंगकोर वाट, कंबोडिया: कंबोडिया में स्थित दुनिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर और धार्मिक स्मारक है।
- व्हाइट हाउस: संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास और कार्यस्थल है।
- एफिल टावर: पेरिस के केंद्र में स्थित एक ऐतिहासिक धरोहर है।
- टकसंग मोनास्ट्री: भूटान के सबसे प्रतिष्ठित और पवित्र बौद्ध मठों में से एक है। इसके प्रति लोगों में काफी आस्था है।
