Monday, July 13, 2026
HomeHImachal NewsUnaजिला स्तरीय पीपलू मेले में पहली बार सजा डॉग शो, चार दर्जन...

जिला स्तरीय पीपलू मेले में पहली बार सजा डॉग शो, चार दर्जन डॉग लवर्स ने किया प्रतिभाग

डॉग्स के करतबों ने जीता दर्शकों का दिल, तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा मेला परिसर

दैनिक जागो वर्ल्ड ! बंगाणा, जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ के तीन दिवसीय जिला स्तरीय पीपलू मेले में इस बार पहली बार आयोजित किए गए डॉग शो ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले के दूसरे दिन आयोजित इस विशेष प्रतियोगिता में करीब चार दर्जन डॉग लवर्स अपने-अपने प्रशिक्षित डॉग्स के साथ पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान डॉग्स ने ऐसे-ऐसे करतब दिखाए कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और पूरा मेला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। डॉग शो का आयोजन उपमंडल बंगाणा के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा के नेतृत्व में किया गया, जब कि प्रतियोगिता का संचालन एवं मूल्यांकन डॉ. अभिनव सोनी ने किया। प्रतियोगिता को छोटे, मध्यम और बड़े नस्ल के डॉग्स की तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया, ताकि सभी प्रतिभागियों को अपनी-अपनी श्रेणी में प्रदर्शन का अवसर मिल सके।

प्रतियोगिता के दौरान प्रशिक्षित डॉग्स ने अनुशासन, समझदारी और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया। कोई डॉग अपने मालिक के इशारे पर नृत्य करता नजर आया तो कोई भारतीय सेना के जवान की तरह सलामी देता दिखाई दिया। कई डॉग्स ने आदेश मिलते ही बैठना, दौड़ना, बाधाओं को पार करना और विभिन्न प्रकार के करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और हर शानदार प्रदर्शन पर तालियों से कलाकारों और डॉग्स का उत्साह बढ़ाया। डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि जिला स्तरीय पीपलू मेले में पहली बार डॉग शो आयोजित करने का उद्देश्य लोगों में पालतू पशुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनके बेहतर रखरखाव प्रशिक्षण के महत्व को समझाना तथा पशु प्रेम को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि लोगों की उत्साहजनक भागीदारी को देखते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे।


विजेताओं को नकद पुरस्कार, विजेताओं को चीफ गेस्ट ने प्रमाण पत्र स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित,
पीपलू मेले के डॉग शो प्रतियोगिता के समापन पर प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल नौ डॉग मालिकों को सम्मानित किया गया। विजेताओं को मुख्यातिथि चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू तथा कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने नकद पुरस्कार, प्रशस्ति प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए। विजेताओं ने पुरस्कार प्राप्त कर खुशी व्यक्त करते हुए आयोजन समिति का आभार जताया। मुख्या तिथि सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि जिला स्तरीय पीपलू मेले में पहली बार डॉग शो का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ पालतू पशुओं की देखभाल और प्रशिक्षण के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उन्होंने आयोजन समिति और पशुपालन विभाग की इस अभिनव सोच की प्रशंसा की।


विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पीपलू मेले में हर वर्ष कुछ नया करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक और मनोरंजन की दृष्टि से भी प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बना सके। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित डॉग शो को लोगों का शानदार समर्थन मिला है, जिससे यह स्पष्ट है कि ऐसे नवाचार भविष्य में भी मेले की विशेष पहचान बनेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आयोजन समिति, पशुपालन विभाग और सभी प्रतिभागियों की सराहना की। पहली बार आयोजित डॉग शो ने जिला स्तरीय पीपलू मेले में आकर्षण के नए रंग भर दिए और यह कार्यक्रम पूरे मेले की सबसे चर्चित गतिविधियों में शामिल रहा। इस मौके पर फार्मासिस्ट बलबीर सिंह भीम सिंह नरेश कुमार नंद लाल,डिम्पल ठाकुर राज कुमार मिन्हास सुनंदन शर्मासु कुमार वीरेंद्र ठाकुर सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular