Monday, July 13, 2026
HomeHImachal NewsUnaपीपलू मेले के दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, हिमाचली गायक कुमार साहिल ने...

पीपलू मेले के दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, हिमाचली गायक कुमार साहिल ने गीतों पर झुमाया पंडाल

स्कूल के बच्चों की प्रस्तुतियों और विभागीय प्रदर्शनियों ने बढ़ाया मेले का आकर्षण

दैनिक जागो वर्ल्ड ! बंगाणा, जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय जिला स्तरीय पीपलू मेले के दूसरे दिन निर्जला एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जबकि शाम होते-होते मेला परिसर पूरी तरह लोगों से खचाखच भर गया। मेले में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला।


शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली लोकगायक कुमार साहिल ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय पहाड़ी और लोकगीतों पर युवा, महिलाएं और बच्चे देर रात तक झूमते और नाचते रहे। पूरे पंडाल में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा तथा दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकार का भरपूर स्वागत किया। दिन के समय आयोजित बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूहगान और रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी का मन मोह लिया तथा उपस्थित लोगों ने उन्हें लगातार तालियां बजाकर प्रोत्साहित किया। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई। लोगों ने प्रदर्शनियों का अवलोकन कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और विभागीय अधिकारियों से भी चर्चा की।


पीपलू मेले के बेहतर प्रबंधन और यातायात व्यवस्था ने जीता लोगों का दिल,
जिला स्तरीय पीपलू मेले का सफल आयोजन विधायक विवेक शर्मा के नेतृत्व में नई पहचान बनाता नजर आया। मेले की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सांस्कृतिक आयोजनों और सुरक्षा प्रबंधों की लोगों ने खुलकर सराहना की। पूरे आयोजन में प्रशासन और मेला समिति की सक्रिय भूमिका स्पष्ट दिखाई दी।


मेला समिति के अध्यक्ष एवं एस डी एम बंगाणा सोनू गोयल स्वयं पूरे समय मेला परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डीएसपी अजय ठाकुर के नेतृत्व में थाना प्रभारी रोहित चौधरी और पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। पुलिस कर्मियों ने मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को व्यवस्थित रखा, जिससे हजारों लोगों की आवाजाही के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार जिला स्तरीय पीपलू मेले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी उत्कृष्ट व्यवस्थाएं देखने को मिली हैं। मेले के दूसरे दिन उमड़ी भारी भीड़ और सफल आयोजन ने यह साबित कर दिया कि कुटलैहड़ का जिला स्तरीय पीपलू मेला अब क्षेत्र की पहचान बन चुका है। अब सभी की निगाहें मेले के अंतिम दिन होने वाले कार्यक्रमों और स्टार नाइट पर टिकी हुई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular