ऊना

जिला पुलिस ऊना ने टाहलीवाल क्षेत्र में पिछले जून माह के दौरान हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई कई घरों की चोरी की गुत्थी सुलझने की उम्मीद जगी है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हीरा मेठ के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल थाना में 6, 12 और 13 जून 2026 को अलग-अलग स्थानों पर घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने रियल-टाइम सीसीटीवी मॉनिटरिंग, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। इनपुट के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का लगातार पीछा किया गया और उनकी लोकेशन पंजाब में ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने 3 जुलाई 2026 को पंजाब के करतारपुर में दबिश देकर अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ताहलीवाल क्षेत्र में हुई कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पड़ोसी राज्य में भी इसी प्रकार की कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इस संबंध में भी जांच की जा रही है और संबंधित राज्यों की पुलिस से जानकारी साझा की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं तथा जल्द ही चोरी किए गए सामान की बरामदगी होने की संभावना है।
जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरा मेठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

