Monday, November 16, 2026
HomeHImachal Newsदीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताकर खड़गे ने करोड़ों हिंदुओं की आस्था...

दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताकर खड़गे ने करोड़ों हिंदुओं की आस्था का किया अपमान, कांग्रेस बताए हिंदू पर्वों की पहचान से इतनी परेशानी क्यों

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली के संदर्भ में ‘खुशियों की ईद’ शब्द का प्रयोग किए जाने पर स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी के अध्यक्ष गौरव कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि दीपावली करोड़ों हिंदुओं की आस्था, श्रद्धा और हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे पावन पर्व की अपनी विशिष्ट धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान है, जिसे किसी दूसरे त्योहार के संदर्भ में परिभाषित करने की आवश्यकता नहीं है।

गौरव कुमार ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास के पश्चात अयोध्या आगमन, सत्य की असत्य पर विजय और अंधकार पर प्रकाश की जीत का महापर्व है। यह भारतीय सभ्यता और सनातन परंपरा की आत्मा से जुड़ा हुआ त्योहार है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से इस प्रकार की शब्दावली के प्रयोग पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सीधा सवाल करते हुए कहा कि जब ईद की शुभकामनाएं दी जाती हैं तो उसे दीपावली के संदर्भ में परिभाषित करने की आवश्यकता नहीं पड़ती, फिर हिंदू धर्म के सबसे प्रमुख त्योहारों में से एक दीपावली के लिए ऐसी शब्दावली क्यों? क्या कांग्रेस नेतृत्व हिंदू त्योहारों की विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक महत्व को उसी रूप में स्वीकार नहीं कर सकता?

गौरव कुमार ने कहा कि भारत की धर्मनिरपेक्षता का आधार सभी धर्मों, पंथों और परंपराओं का समान सम्मान है। इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं कि किसी धर्म की पहचान को दूसरे धर्म की पहचान के साथ मिलाकर प्रस्तुत किया जाए। ईद का सम्मान अपनी जगह है और दीपावली का गौरव अपनी जगह। दोनों की अपनी धार्मिक मान्यताएं, इतिहास और सांस्कृतिक परंपराएं हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ओर से सनातन परंपराओं और हिंदू धार्मिक मान्यताओं को लेकर समय-समय पर सामने आने वाले विवादित बयानों पर पार्टी नेतृत्व को गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए। देश की बहुसंख्यक जनता की धार्मिक भावनाओं को राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनाना उचित नहीं है।

गौरव कुमार ने मांग की कि मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस बयान पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता किसी राजनीतिक दल की सुविधा या राजनीतिक विमर्श के अनुसार परिभाषित नहीं की जा सकती। देश की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

अंत में गौरव कुमार ने कहा कि दीपावली की पहचान दीपावली ही है और रहेगी। हमारी संस्कृति, हमारी परंपराएं और हमारी धार्मिक विरासत हमारी पहचान हैं। इनके सम्मान के विषय में किसी भी प्रकार की अस्पष्टता स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular