Saturday, May 23, 2026
HomeHImachal Newsदौलतपुर चौक में चुनावी शतरंज: महिलाओं की बढ़त और नए वोटर बना...

दौलतपुर चौक में चुनावी शतरंज: महिलाओं की बढ़त और नए वोटर बना रहे मुकाबला दिलचस्प

संजीव डोगरा-दौलतपुर चौक(ऊना )

नगर पंचायत दौलतपुर चौक में चुनावी माहौल अब पूरी तरह गरमा चुका है और इस बार मुकाबला परंपरागत समीकरणों से हटकर नए आयाम लेता दिख रहा है। खास बात यह है कि इस बार महिला मतदाता और पहली बार वोट डालने जा रहे युवा चुनावी तस्वीर बदलने की ताकत रखते हैं।
कुल 3048 मतदाताओं में 1536 महिलाएं और 1512 पुरुष शामिल हैं। महिलाओं की हल्की लेकिन अहम बढ़त ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। वहीं 42 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनका रुझान प्रत्याशियों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
अध्यक्ष पद इस बार अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित होने से मुकाबला सीमित जरूर हुआ है, लेकिन राजनीतिक समीकरण पहले से ज्यादा उलझ गए हैं। स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार “महिलाओं और नए वोटरों का मूड ही जीत-हार तय करेगा।”
वार्ड स्तर पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। वार्ड-1 में 648, वार्ड-2 में 654, वार्ड-3 में 273, वार्ड-4 में 354, वार्ड-5 में 299, वार्ड-6 में 487 और वार्ड-7 में 333 मतदाता हैं। छोटे वार्डों में थोड़े से वोट भी परिणाम पलट सकते हैं, जिससे हर मत की अहमियत बढ़ गई है।
इस बीच ग्रामीण परिवेश में गेहूं की कटाई का काम जोरों पर है, लेकिन इसके बावजूद चुनावी गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रहीं। प्रत्याशी सुबह-शाम घर-घर पहुंचकर खासकर महिला मतदाताओं से संवाद साध रहे हैं। पानी, सड़क, महंगाई और मूलभूत सुविधाएं प्रमुख चुनावी मुद्दे बनकर उभर रहे हैं।
नगर पंचायत सचिव बलदेव सिंह ठाकुर ने बताया कि 17 मई को मतदान होगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
स्पष्ट है कि इस बार दौलतपुर चौक की सियासत नई दिशा में मुड़ सकती है, जहां महिलाओं और नए मतदाताओं की पसंद ही असली “गेम चेंजर” बनने जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular