Sunday, June 14, 2026
HomeLatest Newsपंचायती राज चुनावो में भाजपा पार्टी के विरोधी गतिविधियों पर हुई करनैल...

पंचायती राज चुनावो में भाजपा पार्टी के विरोधी गतिविधियों पर हुई करनैल सिंह पर कार्यवाही

केवल पद से मुक्त किया पार्टी से नहीं किए निष्काषित, नीरज परमार

दैनिक जागो वर्ल्ड ! बंगाणा, कुटलैहड़, जोगिंदर देव आर्य

भाजपा समर्थित जिला पार्षद उम्मीदवार वीना देवी के खिलाफ किया प्रचार,चुनावों में भी दी थी करनैल सिंह को चेतावनी,अजय शर्मा

कुटलैहड़ भाजपा मंडल युवा मोर्चा के अध्यक्ष नीरज परमार एवं उपप्रधान अजय शर्मा ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि कुटलैहड़ भाजपा मंडल के ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष रहे करनैल सिंह को जिला परिषद चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पद भार से मुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई को लेकर करनैल सिंह द्वारा मीडिया में दिए जा रहे बयान पूरी तरह भ्रामक, गैर जिम्मेदाराना और हास्यास्पद हैं।

उन्होंने कहा कि करनैल सिंह यह बयान दे रहे हैं कि पूर्व भाजपा मंडल ओबीसी अध्यक्ष के बेटे की शादी में भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो को निमंत्रण न देने के कारण उन्हें पद से हटाया गया, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी संगठन व्यक्तिगत कार्यक्रमों के आधार पर निर्णय नहीं लेता, बल्कि संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी हित सर्वोपरि होते हैं।

जिला परिषद चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ काम करने पर हुई कार्यवाही,
युवा नेता नीरज परमार और अजय शर्मा ने कहा कि जिला परिषद चुनावों के दौरान पार्टी ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी के पक्ष में कार्य करने का निर्णय लिया था। इसके बावजूद करनैल सिंह ने ऐसे लोगों को समर्थन और मंच दिया, जो पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव मैदान में थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि करनैल सिंह ने अपने घर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सदस्य चंचल बाला को विशेष रूप से आमंत्रित किया, जिन्होंने भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह स्वयं इस बात का प्रमाण है कि करनैल सिंह ने पार्टी लाइन से हटकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि संगठन विरोधी गतिविधियों को भाजपा कभी स्वीकार नहीं करती और पार्टी अनुशासन बनाए रखना प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी होती है। यदि कोई व्यक्ति संगठन के निर्णयों के विपरीत कार्य करता है तो उस पर कार्रवाई होना स्वाभाविक है।

भाजपा नेताओं ने करनैल सिंह के बयान को बताया गैर जिम्मेदाराना,
भाजपा नेताओं ने कहा कि करनैल सिंह द्वारा मीडिया में दिए जा रहे बयान केवल सहानुभूति लेने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से वे व्यक्तिगत कार्यक्रमों को मुद्दा बनाकर कार्रवाई को जोड़ रहे हैं, उससे वे स्वयं ही लोगों के बीच हंसी का पात्र बन रहे हैं। नीरज परमार और अजय शर्मा ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है और यहां सभी निर्णय संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं। किसी भी नेता को निजी कारणों से न तो पद दिया जाता है और न ही हटाया जाता है।

उन्होंने कहा कि करनैल सिंह को पार्टी से निष्कासित नहीं किया गया है, बल्कि केवल ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष पद से भार मुक्त किया गया है। वे भाजपा के कार्यकर्ता हैं और अपने बूथ तथा ग्राम केंद्र स्तर पर पहले की तरह भाजपा पार्टी के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है, लेकिन अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

भाजपा संगठन में अनुशासन सर्वोपरि, कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील,
भाजपा नेताओं ने कहा कि कुटलैहड़ भाजपा मंडल पूरी तरह संगठित और मजबूत है तथा सभी कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत बयानबाजी के माध्यम से संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ता पूरी तरह सजग हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक पदाधिकारी कार्यकर्ता पार्टी के सिद्धांतों के अनुसार कार्य करता है।

यदि कोई व्यक्ति संगठनात्मक निर्णयों से ऊपर खुद को रखने का प्रयास करता है तो पार्टी समय-समय पर उचित निर्णय लेने में सक्षम है। नीरज परमार और अजय शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों और भ्रामक बयानों पर ध्यान न दें तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा करना है और पार्टी इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular