दैनिक जागो वर्ल्ड पंजाब एवं हरियाणा

पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सीआईएसएफ को ईमेल के जरिए मिली धमकी के बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, जबकि साइबर विशेषज्ञ ईमेल के स्रोत की जांच कर रहे हैं।

चंडीगढ़ स्थित पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सचिवालय परिसर में स्थित सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बम होने की सूचना दी गई।मेल मिलते ही सीआईएसएफ ने तुरंत स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी। इसके बाद सचिवालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर सर्च अभियान शुरू किया गया।

सुरक्षा एजेंसियां सचिवालय के सभी ब्लॉकों, प्रवेश द्वारों, पार्किंग क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच कर रही हैं। एहतियात के तौर पर परिसर में आने-जाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि ई-मेल वास्तविक खतरे से जुड़ा है या किसी ने शरारतन भेजा है।
