दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प
30 नवंबर तक गांव-गांव चौपालों और बूथ स्तर पर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम, 2027 मिशन रिपीट के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान : देशराज गौतम
ऊना, 14 नवंबर। जिला कांग्रेस कमेटी ऊना द्वारा आज विश्राम गृह ऊना में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की 137वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों, विचारों और बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव, ऊना जिला के प्रभारी एवं पर्यवेक्षक विकास ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। जयंती कार्यक्रम के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ अभियान’ को जिले के प्रत्येक गांव और बूथ तक पहुंचाने की विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। कांग्रेस पार्टी इस अभियान के माध्यम से मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, मतदाता सूचियों का सत्यापन करवाने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता और संगठनात्मक एकजुटता के साथ चलाया जाएगा। जिला, विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों और विभागों के प्रतिनिधियों की इस अभियान में सक्रिय एवं अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान दे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 15 नवंबर को विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर बैठकें, 16 नवंबर को बूथ स्तर पर मतदाता सूची सत्यापन, 17 नवंबर को सत्यापित सूचियों एवं अभिलेखों का संकलन तथा 18 से 30 नवंबर तक जिले के सभी ब्लॉकों में गांव-गांव ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ चौपालों का आयोजन किया जाएगा।
देशराज गौतम ने सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, विधानसभा पर्यवेक्षकों, जिला पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उनकी सूचना जिला कांग्रेस कमेटी को दें, ताकि जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता भी इन कार्यक्रमों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दे सकें।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं ऊना जिला प्रभारी विकास ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत और सशक्त बनाने के लिए ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को युद्धस्तर पर गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी विधायकों, वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों तथा अग्रणी संगठनों से एकजुट होकर ईमानदारी और निष्ठा के साथ अभियान में अपनी अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व, दूरदर्शी नीतियों, जनकल्याणकारी निर्णयों और विकासोन्मुख योजनाओं के माध्यम से प्रदेश सरकार एवं संगठन हिमाचल के सर्वांगीण और चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाना है।

