Friday, June 19, 2026
HomeHImachal NewsUnaपंडित रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती पर शहीद भगत सिंह क्लब ने दी...

पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती पर शहीद भगत सिंह क्लब ने दी श्रद्धांजलि

दैनिक जागो वर्ल्ड! दौलतपुर चौक,(भूपेंद्र डडवाल )

शहीद भगत सिंह क्लब गगरेट के सदस्यों ने महान स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती के अवसर पर घनारी स्कूल परिसर में स्थापित उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर क्लब के प्रधान मनीष ठाकुर ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिस्मिल केवल एक क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मबलिदान की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने बताया कि रामप्रसाद बिस्मिल का जन्म 11 जून 1897 को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
मनीष ठाकुर ने कहा कि काकोरी कांड के महानायक रामप्रसाद बिस्मिल ने अपने अदम्य साहस और क्रांतिकारी विचारों से ब्रिटिश शासन की नींव हिला दी थी। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बिस्मिल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा देशभक्ति और सामाजिक सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें।

उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर क्लब के उपप्रधान राजिंदर बंसल, आकाश कुमार, दियोली के पूर्व प्रधान पूर्ण चंद, राजिंदर सिंह, संजीव पिंटा, सुखविंदर सिंह तथा शम्मी सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular