उत्तरकाशी-सुमित कुमार

बुधवार को चिन्यालीसौड़ में झमाझम बारिश के बीच उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब नगर पालिका अध्यक्ष और सभासदों के बीच चल रहा विवाद अचानक सड़क से उठकर पुल और छत तक पहुंच गया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि प्रशासन को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा।
दरअसल नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली बुधवार सुबह चिन्यालीसौड़ टिहरी झील पर स्थित आर्च ब्रिज पर आत्मदाह के लिए चढ़ गये जिससे जिला प्रशासन में हड़कंप मच गई।
बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग्स और पोस्टरों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। शहरभर में ऐसे पोस्टर हटवाए गए, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। अध्यक्ष अपने एक साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रख ही रहे थे कि तभी सभासदों ने मोर्चा खोल दिया और धरने पर बैठ गए।
चार दिन तक चले इस धरने ने राजनीतिक रंग ले लिया। मामला शांत कराने के लिए प्रभारी मंत्री के प्रतिनिधि के रूप में दर्जाधारी राज्यमंत्री रामसुंदर नौटियाल को मैदान में उतरना पड़ा। उनकी मौजूदगी में धरना तो खत्म हुआ, लेकिन विवाद थमा नहीं। इसी बीच अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र पंवार को निदेशालय अटैच कर दिया गया और जांच के लिए सभी दस्तावेज जिला अधिकारी को भेज दिए गए।
दरअसल, नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों ने भ्रष्टाचार की जांच कर ईओ के स्थानांतरण की मांग को लेकर चार दिनों तक धरना प्रदर्शन किया गया था।
इसके बाद डीएम ने मंगलवार को मामले में जांच के आदेश थे। एसडीएम डुंडा सहित तीन सदस्य टीम गठित कर वित्तीय अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी की ओर से दिए गए आदेश के बाद पालिका अध्यक्ष आज पुल पर चढ़ गए।
उधर जवाबी विरोध में सभासद सिद्धार्थ नौटियाल महाविद्यालय की छत पर जा चढ़े। बारिश के बीच यह नजारा देखने के लिए स्थानीय लोग छतरियां लेकर मौके पर पहुंच गए। महिलाएं और पुरुष इस पूरे घटनाक्रम से खासे परेशान नजर आए।
समाचार लिखे जाने तक पालिका अध्यक्ष पुल से नीचे नहीं उतरे थे, जिससे स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। अब सभी की नजरें जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस राजनीतिक टकराव का अंत किस मोड़ पर जाकर होगा।
बारिश, राजनीति और ड्रामे के इस अनोखे संगम ने चिन्यालीसौड़ को सुर्खियों में ला दिया है।
कुल मिलाकर, चिन्यालीसौड़ में राजनीतिक टकराव ने हाई वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया है। प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आगे की घटनाओं का इंतजार किया जा रहा है।


