गगरेट

गगरेट विधानसभा क्षेत्र के भंजाळ में दौलतपुर मंडल में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, महान शिक्षाविद् एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष चैतन्य शर्मा तथा दौलतपुर मंडल अध्यक्ष अजय ठाकुर की अगुवाई में किया गया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के लिए उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श, विचार और राष्ट्रवादी सोच आज भी करोड़ों देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के दिखाए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और डॉ. मुखर्जी के जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अजय ठाकुर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रतीक है तथा युवा पीढ़ी को उनके विचारों को आत्मसात करना चाहिए।
जयंती कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं ने डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग, सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जिम्मेदार इस्तेमाल तथा संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम जनसंपर्क और संगठन विस्तार का प्रभावी साधन बन चुके हैं तथा कार्यकर्ताओं को इसके उपयोग में दक्ष होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष तरसेम सिम्मी, विशाल शर्मा, प्रदेश भाजयुमो सदस्य राहुल ठाकुर, बीडीसी सीमा देवी, राकेश कुमार, जगमोहन सिंह, सुरेश कुमार, प्रधान पूर्ण सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

