रामनगर-बलवीर बिष्ट

भाजपा नेता इन्दर रावत ने देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने रामनगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। भेंट के दौरान इन्दर रावत ने क्षेत्र के युवा साथियों की भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय कराया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी युवाओं को संगठन एवं पार्टी के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने रामनगर विधानसभा क्षेत्र की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली और संगठन की सक्रियता पर संतोष व्यक्त किया। इन्दर रावत ने वन ग्रामों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने, वर्ग-एक (ख) की भूमि के विनिमितकरण तथा हाल ही में राजस्व ग्राम घोषित गांवों में विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया। इन्दर रावत ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।

