चम्बा-काकू खान

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के भरमौर विधानसभा क्षेत्र में होली-भरमौर मार्ग पर बन रहा एक निर्माणाधीन पुल मंगलवार सुबह भारी भूस्खलन की चपेट में आकर धराशाई हो गया। यह पुल सिन्यूर क्षेत्र को मछेत्र और अगासन से जोड़ने के उद्देश्य से बनाया जा रहा था।
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की देखरेख में रावी नदी पर बन रहे इस लोहे के पुल की लागत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसका निर्माण कार्य हरियाणा के पंचकूला की एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा था।
पुल के गिरने से स्थानीय लोगों में भारी निराशा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुल के निर्माण से कई पंचायतों और दर्जनों गांवों को सीधा संपर्क मार्ग मिलने वाला था, जिससे उनकी आवाजाही और विकास को गति मिलती। अब इस हादसे से उनकी वर्षों पुरानी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
स्थानीय निवासी प्रशासन से पुल के जल्द पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की कनेक्टिविटी बहाल हो सके।
बाइट : स्थानीय लोग
वहीं, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने बताया कि सुबह हुए भारी भूस्खलन के कारण यह हादसा हुआ। एडीएम भरमौर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


