दैनिक जागो वर्ल्ड

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एनसीसी की राष्ट्र निर्माण में भूमिका, सामाजिक दायित्वों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में कैडेट्स ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। एनसीसी कैडेट्स आपदा प्रबंधन, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे एनसीसी के मंच का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व एवं जीवन कौशल को निखारें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक अरश सिंह राणा ने प्राचार्य डॉ. अजय कुमार का निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कैडेट्स को एनसीसी के आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स की स्वीकृत संख्या 120 है और ये कैडेट्स महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा हैं।
कार्यक्रम के दौरान आरती, सिमरन और नंदिनी ने लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं, जबकि कोमल ने एकल नृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया। याशिका, कोमल, पल्लवी, रूहानी और सिमरन ने सामूहिक गीत प्रस्तुत किया। वहीं नमन, अंजलि और कलजल ने अपने भाषणों के माध्यम से एनसीसी कैडेट के रूप में प्राप्त अनुभवों और विचारों को साझा किया।
कार्यक्रम का संचालन नीलाक्षी और सादिया ने किया। आयोजन समिति में सक्षम, रबीना, अर्पित और अनमोल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह का समापन देशभक्ति, एकता और अनुशासन के संदेश के साथ हुआ।
