Saturday, November 21, 2026
HomeHImachal NewsUnaशोभित आईटीआई चलोला में आयोजित रोजगार मेले में प्रदेशभर से पहुंचे 350...

शोभित आईटीआई चलोला में आयोजित रोजगार मेले में प्रदेशभर से पहुंचे 350 युवा, कंपनी की टीम ने संस्थान की आधुनिक लैब और तकनीकी प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की।

दैनिक जागो वर्ल्ड ऊना

युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में शोभित गौतम की पहल रंग लाई है। शोभित प्राइवेट आईटीआई, चलोला में मारुति सुजुकी कंपनी के सहयोग से आयोजित विशाल रोजगार मेले में 200 से अधिक आईटीआई पासआउट युवाओं का कंपनी में रोजगार के लिए चयन हुआ। इस रोजगार मेले में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 350 युवाओं ने भाग लिया। चयनित युवाओं की जॉइनिंग दिसंबर माह में प्रस्तावित है।

रोजगार मेले का शुभारंभ जाने-माने एडवोकेट, समाजसेवी एवं भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम ने रिबन काटकर किया। इससे पहले उन्होंने मां सरस्वती के समक्ष पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं शोभित आईटीआई से जुड़े देशराज गौतम ने की।

इस अवसर पर मारुति सुजुकी के गुजरात स्थित अहमदाबाद प्लांट से एचआर प्रतिनिधि कपिल के नेतृत्व में नरेंद्र ठाकुर एवं गणेश गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कंपनी की टीम ने विभिन्न ट्रेडों के आईटीआई पासआउट युवाओं की लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की। इसमें 200 से अधिक युवाओं को रोजगार के लिए चयनित किया गया।

आधुनिक लैब और तकनीकी प्रशिक्षण की कंपनी ने की सराहना

रोजगार मेले के दौरान मारुति सुजुकी की टीम ने शोभित आईटीआई की आधुनिक लैब, तकनीकी सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों को दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना की। कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्थान युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।

इस मौके पर शोभित गौतम ने कहा कि किसी युवा को रोजगार उपलब्ध करवाना केवल उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार के भविष्य को संवारने का प्रयास है। महात्मा गांधी ने भी श्रम, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को समाज की मजबूती का आधार माना था। आज आवश्यकता है कि युवाओं को उनकी तकनीकी योग्यता और हुनर के अनुरूप सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।

उन्होंने कहा कि शोभित आईटीआई का उद्देश्य केवल युवाओं को तकनीकी शिक्षा देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार दिलवाने के लिए भी प्रयास करना है। इसी सोच के साथ औद्योगिक कंपनियों से संपर्क स्थापित कर समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनकी पहल और संस्थान के प्रयासों से 300 से अधिक युवाओं को मारुति सुजुकी में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा चुके हैं।

योग्य युवाओं को रोजगार दिलवाने के प्रयास रहेंगे जारी

देशराज गौतम ने कहा कि शोभित आईटीआई प्रबंधन युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा देने के साथ रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेशभर से लगभग 350 युवाओं की भागीदारी और 200 से अधिक युवाओं का चयन संस्थान के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने मारुति सुजुकी की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक क्षेत्र के बीच बेहतर तालमेल से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ अभ्यर्थी निर्धारित आयु सीमा से अधिक होने और कुछ मेडिकल फिटनेस के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण चयनित नहीं हो पाए। ऐसे युवाओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। संस्थान प्रबंधन भविष्य में अन्य कंपनियों के माध्यम से भी उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रखेगा।

शोभित गौतम ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शोभित आईटीआई प्रबंधन भविष्य में भी प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर रोजगार मेले आयोजित करता रहेगा।

रोजगार मेले में 200 से अधिक युवाओं का चयन होने से चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। संस्थान प्रबंधन ने प्रदेश के अन्य आईटीआई पासआउट युवाओं से भी रोजगार के अवसरों के लिए शोभित प्राइवेट आईटीआई, चलोला से संपर्क करने का आह्वान किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular